केंद्र अमीर लोगों का पक्ष लेता है, भाजपा को अलग-थलग किया जाना चाहिए: माकपा महासचिव बेबी

Ads

केंद्र अमीर लोगों का पक्ष लेता है, भाजपा को अलग-थलग किया जाना चाहिए: माकपा महासचिव बेबी

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 10:15 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 10:15 PM IST

कल्याणी (बंगाल), 30 अगस्त (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम.ए. बेबी ने रविवार को आम लोगों के बीच भाजपा को राजनीतिक रूप से अलग-थलग करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर अमीरों के पक्ष में नीतियां बनाने और सांप्रदायिक व आर्थिक विभाजन पैदा करने का आरोप भी लगाया।

माकपा की पश्चिम बंगाल राज्य समिति के विस्तारित सत्र के समापन पर नादिया जिले के कल्याणी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, बेबी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सांप्रदायिक राजनीति का मुकाबला करना वामपंथी पार्टी का सर्वप्रमुख राजनीतिक एजेंडा होना चाहिए।

बेबी ने सभा में कहा, “हमें भाजपा को लोगों के बीच राजनीतिक रूप से अलग-थलग करना होगा, उसका असली चेहरा सामने लाना होगा और उसे हराना होगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार अमीरों के हितों की रक्षा कर रही है, जबकि आम लोगों को और ज्यादा मुश्किलों में धकेल रही है।

बेबी ने कहा, “यह (भाजपा) सांप्रदायिकता का जहर फैला रही है और लोगों के बीच बंटवारा कर रही है।”

माकपा नेता ने आरएसएस पर सांप्रदायिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया और भाजपा की “फासीवादी” राजनीति का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “धर्म एक निजी मामला है… हमारा पहला राजनीतिक काम इस सांप्रदायिक पार्टी को सरकार से हटाना है।”

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश