पेट्रोल-डीजल के बारे में स्थिति स्पष्ट करे केंद्र सरकार : अशोक गहलोत
पेट्रोल-डीजल के बारे में स्थिति स्पष्ट करे केंद्र सरकार : अशोक गहलोत
जयपुर, 25 मई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
गहलोत ने एक बयान में कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद से केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कभी 90 पैसे तो कभी पौने तीन रुपये तक कीमतों में वृद्धि की जा रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा, “केंद्र सरकार देश को सच्चाई से अवगत क्यों नहीं करा रही है, यह समझ से परे है।”
उन्होंने कहा, “लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार आगाह कर रहे हैं कि देश में महंगाई का आर्थिक तूफान आने वाला है। केंद्र सरकार को स्थिति नियंत्रण से बाहर होने से पहले कदम उठाने चाहिए, लेकिन सरकार का इस ओर ध्यान ही नहीं है।”
गहलोत ने कहा कि इधर-उधर की बातें करने और सूत्रों के हवाले से जानकारी देने के बजाय केंद्र सरकार को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि मौजूदा स्थिति क्या है और यह किस हद तक बिगड़ सकती है, ताकि देशवासी उसके लिए तैयार रह सकें।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस मुद्दे पर कटाक्ष किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही महंगाई की गर्मी जारी है।”
जूली ने इस बढ़ोतरी को “जनता की जेब पर डाका” करार देते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


