गोवा को संवैधानिक संरक्षण देने वाला निजी विधेयक पारित करवाए केंद्र सरकार: कांग्रेस

Ads

गोवा को संवैधानिक संरक्षण देने वाला निजी विधेयक पारित करवाए केंद्र सरकार: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 08:45 PM IST

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि उसके एक सांसद द्वारा संसद में पेश किए गए उस गैर सरकारी विधेयक को पारित कराना सुनिश्चित किया जाए, जिसमें गोवा को विशेष संवैधानिक संरक्षण देने का प्रावधान शामिल है।

कांग्रेस के गोवा प्रभारी माणिक राव ठाकरे, प्रदेश अध्यक्ष अमित पाटकर और सांसद विरियाटो फर्नांडिस ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप भी लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर गोवा के पर्यावरण, संस्कृति और पहचान को नष्ट कर रहे हैं।

माणिकराव ठाकरे ने कहा कि गोवा की पहचान पूरे विश्व में उसके पर्यटन और संस्कृति से है, लेकिन भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार गोवा के हित को पूरी तरह से नजरअंदाज कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा को सुरक्षित रखने का वादा किया था, लेकिन 12 साल बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ।

दक्षिण गोवा के कांग्रेस सांसद कैप्टन विरियाटो फर्नांडिस ने बताया कि उन्होंने पिछले साल लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक, 2025 पेश किया है, जिसके तहत गोवा को अनुच्छेद 371 के अंतर्गत विशेष संवैधानिक संरक्षण देने का प्रस्ताव है।

उन्होंने कहा कि इस संशोधन के तहत ‘गोवा सस्टेनेबल डेवलपमेंट काउंसिल’ की स्थापना कर गोवा की बची हुई जमीन, नदियों, जंगलों, पहाड़ियों, बागानों और कृषि भूमि की संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

भाषा हक दिलीप

दिलीप