नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार से दिल्ली पुलिस में करीब 15 हजार रिक्त पदों को भरने की मांग करते हुए शुक्रवार को कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और उनका मनोबल बढ़ाना राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि वर्तमान में राजधानी की कानून-व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है और पिछले कुछ समय से दिल्ली में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी पार्टी लगातार उपराज्यपाल से ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग करती रही है।
उन्होंने एक बयान में कहा, “ऐसे समय में जब नए पुलिस आयुक्त की नियुक्ति हुई है, दिल्ली को एक मजबूत, जवाबदेह, संवेदनशील और परिणाममुखी पुलिस नेतृत्व की आवश्यकता है।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली पुलिस को पर्याप्त संसाधन और कर्मचारी उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि दिल्ली पुलिस में लगभग 15,000 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की जाए, नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाए तथा लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाए।
कुमार ने नए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह अपने व्यापक प्रशासनिक एवं आसूचना ब्यूरो में काम करने के अनुभव का उपयोग करते हुए राजधानी में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने तथा कानून के शासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाएंगे।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को अचानक से दिल्ली के पुलिस आयुक्त पद पर फेरबदल करते हुए कुमार को शहर की पुलिस का प्रमुख नियुक्त किया। उन्होंने सतीश गोलछा का स्थान लिया है जो 22 अगस्त 2025 से दिल्ली पुलिस का नेतृत्व कर रहे थे।
केंद्र सरकार ने इस साल संसद को सूचित किया था कि दिल्ली पुलिस में मार्च 2026 तक कुल 14,140 पद रिक्त हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव