केंद्र ई20 ईंधन के खिलाफ एक अगस्त को ‘आप’ के टाउन हॉल कार्यक्रम में बाधा डालने में जुटा है: केजरीवाल

Ads

केंद्र ई20 ईंधन के खिलाफ एक अगस्त को ‘आप’ के टाउन हॉल कार्यक्रम में बाधा डालने में जुटा है: केजरीवाल

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 07:18 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पुलिस का इस्तेमाल करके ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब’ पर दबाव बना रही है, ताकि ई20 के खिलाफ पार्टी का एक अगस्त का ‘‘राष्ट्रीय टाउन हाल’’ ​​कार्यक्रम रद्द कराया जा सके।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट में दावा किया कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ने कार्यक्रम रद्द करने से इनकार कर दिया और कहा कि भुगतान पहले ही किया जा चुका है।

केजरीवाल के आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

आप नेता ने एक अगस्त को होने वाले कार्यक्रम ​​की घोषणा सोमवार को की थी और लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया था, ताकि ‘केंद्र सरकार पर ई20 पेट्रोल वापस लेने के लिए दबाव बनाने के तरीकों पर चर्चा की जा सके’।

आप प्रमुख ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि पुलिस ने कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से संपर्क किया और कार्यक्रम की बुकिंग रद्द करने के लिए कहा।

उन्होंने दावा किया कि क्लब ने कार्यक्रम रद्द करने से इनकार कर दिया, क्योंकि भुगतान पहले ही किया जा चुका था।

केजरीवाल ने कहा कि बाद में पुलिस ने उनसे संपर्क किया और कार्यक्रम के लिए अनुमति लेने को कहा।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ का प्रस्तावित कार्यक्रम एक ‘इनडोर’ कार्यक्रम है, जिसके लिए पुलिस की अनुमति लेने की कोई कानूनी जरूरत नहीं है।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश