केंद्र बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए अरुणाचल, नगालैंड की सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहा: मोदी

Ads

केंद्र बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए अरुणाचल, नगालैंड की सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहा: मोदी

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 05:47 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर के दो राज्यों -अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड- में बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए वहां की सरकारों के साथ मिलकर काम करती रहेगी।

मोदी ने अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों के एक समूह के साथ बैठक के बाद यह बात कही।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों के साथ बैठक हुई। हमने वहां बाढ़ के कारण बने हालात पर चर्चा की। केंद्र सरकार इन चुनौतियों से निपटने के लिए संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करती रहेगी। सभी की भलाई और सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।’’

बैठक में शामिल संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को पूरी मदद का भरोसा दिलाया और प्रभावित लोगों को समय पर राहत और सहायता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए।

रीजीजू ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों ने नयी दिल्ली में संसद भवन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से मुलाकात की और उन्हें दोनों राज्यों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। माननीय प्रधानमंत्री ने पूरी मदद का भरोसा दिलाया और प्रभावित लोगों को समय पर राहत और सहायता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं।’’

अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड, दोनों ही राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन हुआ है, जिससे जान-माल को नुकसान पहुंचा है।

नगालैंड और असम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण असम के तीन जिलों में जबरदस्त बाढ़ आई, जिससे 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई, तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए और एक बड़ा इलाका जलमग्न हो गया।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश