केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं ने लोगों के जीवन को समृद्ध बनाया : सोनोवाल
केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं ने लोगों के जीवन को समृद्ध बनाया : सोनोवाल
नलबाड़ी (असम), 30 नवंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जावान नेतृत्व में शुरू हुईं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने देश में लोगों के जीवन की गुणवत्ता को सुधारने और उसे समृद्ध बनाने का कार्य किया है।
प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों से संवाद के दौरान सोनोवाल भी नलबाड़ी में देव ब्लॉक में दखिन पाकुआ जीपी कार्यालय ग्राउंड में इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
सोनोवाल ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री के ऊर्जावान नेतृत्व में, यह ‘संकल्प यात्रा’ हमारे देश के लोगों के जीवन की गुणवत्ता को समृद्ध करने के उद्देश्य से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का एहसास कराने का एक ईमानदार प्रयास है और साथ ही इसका लक्ष्य 2047 तक आत्मनिर्भर भारत के उनके सपने को साकार करने की दिशा में सामाजिक तंत्र को सक्षम बनाना है। ’’
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘पीएम किसान’, ‘पीएम आवास योजना’, ‘पीएम स्वनिधि’, ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’, ‘जन धन योजना’ और कई अन्य पहलों जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जरिए गरीबों की सेवा करना, हाशिए पर मौजूद लोगों का सम्मान करना और किसानों का कल्याण सुनिश्चित करना है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से आह्वान किया है कि भारत की ‘आत्मनिर्भरता’ केवल महिलाओं को सशक्त बनाकर ही हासिल की जा सकती है। इसके लिए सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ (पीएमएमवीवाई) और कई अन्य योजनाएं शुरू कीं और साथ ही राष्ट्र निर्माण के लिए महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए तीन तलाक जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त किया। ’’
भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


