छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने शाह से मुलाकात की; राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का आग्रह किया

Ads

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने शाह से मुलाकात की; राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 10:25 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) की स्थापना के लिए विशेष अनुरोध भी किया।

साय ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ कर्तव्य भवन में शाह से उनके कार्यालय में मुलाक़ात की।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि साय ने राज्य से जुड़े विकास, जन-कल्याण और मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की और साथ ही छत्तीसगढ़ में एआईआईए की स्थापना का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री की यह मांग केंद्रीय बजट की उस घोषणा से जुड़ी है, जिसमें सरकार ने देश भर में तीन नए एआईआईए बनाने का इरादा जताया था।

मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को आवंटित किया जाए।

ऐसे दो संस्थान अभी दिल्ली और पणजी (गोवा) में संचालित हैं।

अधिकारियों के अनुसार, साय ने शाह को बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय संपदा से समृद्ध है, क्योंकि यहां का एक बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है, जहां कई दुर्लभ औषधीय पौधे और जड़ी-बूटियां उगती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आदिवासी इलाकों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत मौजूद है। इस संदर्भ में, यहां अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना आयुर्वेदिक उपचार और अनुसंधान को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभा सकती है।’’

साय ने कहा कि यह संस्थान छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्रों में एक ‘‘नयी पहचान’’ बनाने में मदद करेगा, क्योंकि राज्य हाल ही में नक्सली हिंसा से मुक्त हुआ है।

राज्य सरकार के एक बयान के अनुसार, शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जन-कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

भाषा आशीष सुभाष

सुभाष