छत्तीसगढ़: सरगुजा जिले में दंपति की हत्या, बड़ा बेटा फरार

छत्तीसगढ़: सरगुजा जिले में दंपति की हत्या, बड़ा बेटा फरार

छत्तीसगढ़: सरगुजा जिले में दंपति की हत्या, बड़ा बेटा फरार
Modified Date: August 18, 2026 / 03:55 pm IST
Published Date: August 18, 2026 3:55 pm IST

अंबिकापुर, 18 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पति-पत्नी की हत्या कर शव को बोरियों में भरकर रख दिया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस को शक है कि इस अपराध में दंपति के फरार बड़े बेटे का हाथ हो सकता है।

अधिकारी ने बताया कि परसापारा गांव में हुई इस भयावह घटना का पता उस समय चला, जब दंपति के छोटे बेटे मोहन ने सोमवार को खून से सनी बोरियां देखीं और पुलिस को सूचना दी।

छोटा बेटा परिवार से अलग रहता था।

उन्होंने बताया कि हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (52) के शवों को बोरी में भरकर घर के अंदर एक कमरे में बंद कर दिया गया था।

पुलिस को शक है कि बड़े बेटे जादू यादव (34) ने अपने माता-पिता की हत्या की और शवों को छिपाने की कोशिश की।

अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद से ही वह लापता है।

उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों के सिर पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार के गहरे घाव थे।

उन्होंने बताया कि मोहन के मुताबिक जादू अविवाहित था और मानसिक रूप से बीमार था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस जादू की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

भाषा सं संजीव जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में