कोलकाता, छह मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात के दौरान हाल ही में संपन्न राज्य के विधानसभा चुनाव के बाद नवगठित विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों के नामों वाली राजपत्र अधिसूचना राज्यपाल को सौंपने की वैधानिक औपचारिकता पूरी की।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अग्रवाल ने कहा कि फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में लंबित मतदान प्रक्रिया को छोड़कर विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग की भूमिका समाप्त हो गई है।
सीईओ ने कहा, ‘‘मैं राजपत्र अधिसूचना सौंपने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने आया था, जो किसी भी चुनाव के बाद की जाती है। निर्वाचित विधायकों की सूची सौंप दी गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब विधानसभा का गठन लोक भवन का काम है। फाल्टा में चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के अलावा निर्वाचन आयोग की भूमिका समाप्त हो गई है।’’
परिणामों की घोषणा के बाद राजपत्र अधिसूचना सौंपना एक अनिवार्य संवैधानिक प्रक्रिया है, जो राज्यपाल के लिए नई विधानसभा के गठन और सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का मार्ग प्रशस्त करती है।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 207 सीट पर जीत हासिल करके तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। तृणमूल कांग्रेस को केवल 80 सीट पर जीत मिली है। हालांकि, ममता बनर्जी ने अभी तक राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है।
भाषा संतोष मनीषा
मनीषा