बेतिया, 30 सितंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण जिलों में बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण कर प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि दशहरा से पहले बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 7,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
चौधरी ने राहत शिविर में संचालित सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण किया और वहां स्वयं लोगों को भोजन परोसा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थिति सामान्य होने तक सामुदायिक रसोई का संचालन जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को दशहरा से पहले 7,000 रुपये प्रति परिवार की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि त्योहार के दौरान उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जलस्तर बढ़ने के कारण उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए चंपारण का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में प्रशासन को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।’’
भाषा कैलाश
शफीक
शफीक