मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए
Modified Date: April 27, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: April 27, 2026 10:30 pm IST

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अधिकारियों को क्यूआर कोड और उन्नत डिजिटल क्षमताओं से लैस नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया ताकि प्रणाली को अधिक पारदर्शी और अनुकूल बनाया जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने राशन कार्ड की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के लिए एक मई से साप्ताहिक शिकायत शिविरों की घोषणा भी की।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गुप्ता ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की बैठक की अध्यक्षता की, जिस दौरान विभागीय कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन, तकनीकी सुधारों और जनसेवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन समीक्षा की गई।

एक महत्वपूर्ण निर्देश में, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एक मई से प्रत्येक शनिवार को सुबह नौ बजे से 11 बजे तक सभी नामित केंद्रों पर ‘जन शिकायत समाधान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, “जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ये शिविर सहायक आयुक्तों की उपस्थिति में आयोजित किए जाएंगे और राशन कार्ड से संबंधित सभी लंबित शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।”

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री यह सत्यापित करने के लिए चुनिंदा शिविरों का औचक निरीक्षण करेंगी कि क्या शिकायतों का उचित तरीके से समाधान किया जा रहा है।

बयान के अनुसार, “अधिकारियों को इन शिविरों का उपयोग ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए करने को भी कहा गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से यह बताया जाए कि लाभार्थी एक समय में केवल एक ही स्थान से राशन ले सकते हैं।”

व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने नए लाभार्थियों के चयन के लिए एक विशेष समिति बनाने का प्रस्ताव दिया है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जल्द से जल्द नए आवेदन आमंत्रित किए जाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति छूट न जाए। मुख्यमंत्री ने राशन वितरण में गड़बड़ियों जैसे कम सामान देना, देरी करना और कटौती पर सख्त नाराजगी जताई।

बयान के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि डीलरों और आपूर्तिकर्ताओं दोनों पर स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।”

इसमें कहा गया है कि तकनीकी सुधार की दिशा में मुख्यमंत्री ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए हैं और ये कार्ड नए डिजाइन, क्यूआर कोड और आधुनिक डिजिटल फीचर से लैस होंगे, जिससे राशन वितरण अधिक पारदर्शी और लोगों के लिए आसान हो जाएगा।

भाषा नोमान नोमान वैभव

वैभव


लेखक के बारे में