वोट चोरी के आरोपों पर मुख्यमंत्री रेखा ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा-निर्वाचन आयोग का काम ‘बेहतरीन’
वोट चोरी के आरोपों पर मुख्यमंत्री रेखा ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा-निर्वाचन आयोग का काम ‘बेहतरीन’
नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि देश में लोगों को गुमराह करने वाली परिस्थितियां पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
अपने जन सेवा सदन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने सवाल उठाया कि ‘‘एक समाचार के आधार पर’’ निर्वाचन आयोग पर इतने गंभीर आरोप लगाने का आधार क्या है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने स्वयं इस मामले में स्पष्टीकरण दिया है और अपनी कामकाज की प्रक्रिया के बारे में बताया है।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी कांग्रेस समेत कई दलों और संगठनों की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के बाद आई है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की हालिया खोजी रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दोनों निर्वाचन आयुक्तों ने 10 महीने की अवधि में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जुड़े निर्वाचन आयोग के कामकाज पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति जताई थी।
गुप्ता ने विपक्षी दलों से पूछा कि क्या जिन राज्यों में उनकी सरकारें रही हैं, वहां चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही दिखाई दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रपत्र-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एसआईआर के तहत प्रपत्र-6 के साथ एक अलग घोषणा पत्र दिया गया है।’’
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की जांच में दावा किया गया है कि दोनों निर्वाचन आयुक्तों ने प्रपत्र-6 में किए गए बदलावों पर सवाल उठाए थे और उन्हें ‘‘अवैध’’ तथा ‘‘अनधिकृत’’ बताया था। संशोधित प्रपत्र में आवेदक से यह पूछा गया था कि क्या उसका या उसके माता-पिता का नाम 2000 के दशक की शुरुआत में हुए पिछले एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में था।
मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के आरोपों पर गुप्ता ने दावा किया कि ऐसे नाम उन लोगों के होते हैं जो किसी अन्य स्थान पर चले गए हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोग कहते हैं कि इतने वोट काट दिए गए। जो लोग दूसरी जगह चले गए हैं या जो अब जीवित नहीं हैं, क्या उनके लिए मतदान कराया जाएगा? इसी तरह ऐसे नाम हटाए जाते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया को ‘‘वोट चोरी’’ के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयोग पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है और आयोग ने सभी सवालों पर अपना जवाब जनता के सामने रखा है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग बेहतरीन काम कर रहा है।’’
भाषा राखी संतोष
संतोष

Facebook


