गंगटोक, 23 अप्रैल (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 27 अप्रैल से शुरू होने वाले दो दिवसीय सिक्किम दौरे की तैयारियों की बृहस्पतिवार को समीक्षा की।
मुख्यमंत्री तमांग ने मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव रवींद्र तेलंग, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अक्षय सचदेवा और विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान जा सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और कुशल तरीके से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी निर्धारित कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा, समन्वय और लॉजिस्टिक तैयारियों में उच्चतम मानक बनाए रखने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 27 अप्रैल को अपराह्न तीन बजे लिबिंग हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह राज्य की राजधानी में लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय करते हुए लोक भवन तक रोड शो करेंगे।
उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री, सिक्किम के पूर्ण राज्य के रूप में 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित साल भर चलने वाले समारोहों के समापन अवसर पर पलजोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सिक्किम सरकार ने गंगटोक जिले में ड्रोन उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने का आधिकारिक आदेश भी जारी किया है।
पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह प्रतिबंध 26 अप्रैल से 28 अप्रैल तक लागू रहेगा।
इसमें कहा गया है कि किसी भी उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सुमित नरेश
नरेश