मुख्यमंत्री ने जलभराव की स्थिति की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने जलभराव की स्थिति की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने जलभराव की स्थिति की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए निर्देश
Modified Date: July 28, 2026 / 06:14 pm IST
Published Date: July 28, 2026 6:14 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस से यात्रा की और रोहिणी व आसपास के इलाकों में जलभराव का जमीनी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों की साफ-सफाई तथा सड़कों के किनारे जमा मलबा एवं कचरे की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को और मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव न हो।

गुप्ता ने कहा कि राजधानी की सड़कें केवल परिवहन का साधन नहीं हैं, बल्कि दिल्ली की पहचान का एक अभिन्न अंग भी हैं, इसलिए उनका उचित रखरखाव और सुरक्षा आवश्यक है।

उन्होंने साथ ही निर्देश दिया कि सड़क चौड़ीकरण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का काम प्राथमिकता पर किया जाए।

गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार केवल विकास परियोजनाओं की फाइल-आधारित समीक्षाओं पर निर्भर नहीं रहेगी, बल्कि इसकी प्रगति सुनिश्चित करने के लिए हर प्रमुख परियोजना का जमीनी निरीक्षण करेगी।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘दिल्ली के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुलभ और सुंदर राजधानी प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिशन मोड में काम करना चाहिए।’

यात्रा के दौरान, उन्होंने मार्ग के किनारे कचरा भराव स्थल पर अपशिष्ट निपटान कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि शहर के कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के लिए चल रहे अभियान में कोई ढिलाई न हो और सभी काम तय समय सीमा के भीतर पूरे हो जाएं।

गुप्ता ने रोहिणी में डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की और अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि प्रत्येक परियोजना गुणवत्तापूर्ण मानकों को बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में