मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग की
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग की
बेंगलुरु, सात मार्च (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई हालिया वृद्धि को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि यह वृद्धि केंद्र सरकार के ‘त्रुटिपूर्ण विदेश नीति निर्णयों’ का परिणाम है।
सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह वृद्धि ऐसे समय में परिवारों के बजट पर और अधिक दबाव डालेगी जब लोग पहले से ही बढ़ती कीमतों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया वृद्धि पूरे भारत में लाखों परिवारों के लिए बेहद चिंताजनक है। ऐसे समय में जब परिवार पहले से ही लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रहे हैं, आम नागरिकों की रसोई पर एक और बोझ डाला जा रहा है।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मूल्य वृद्धि भारत की विदेश नीति के दृष्टिकोण का परिणाम है और उन्होंने प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए इसे ‘रणनीतिक स्वायत्तता के लिए क्षति’ बताया।
उन्होंने कहा, ‘यह संकट आकस्मिक नहीं है। यह उस विदेश नीति का परिणाम है जो समर्पण को रणनीति समझती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के साथ अंधाधुंध गठबंधन करके और रूस और ईरान जैसे देशों के साथ भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा साझेदारी को बाधित करके बार-बार भारत की रणनीतिक स्वायत्तता का त्याग किया है।’
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कथन का हवाला देते हुए सिद्धरमैया ने लिखा, ‘विदेश नीति आर्थिक नीति का परिणाम है।’
उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक का भी उल्लेख किया और दावा किया कि इसमें भारत की विदेश नीति संबंधी निर्णयों में संस्थागत परामर्श और रणनीतिक गहराई की कमी पर चिंता व्यक्त की गई है।
सिद्धरमैया ने कहा कि प्रधानमंत्री को ऐसे निर्णयों के आर्थिक परिणामों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी को यह स्पष्ट करना होगा कि उनकी कूटनीतिक गलतियों का खामियाजा भारत की जनता को क्यों भुगतना पड़ रहा है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।’
भाषा तान्या माधव
माधव

Facebook


