मुख्यमंत्री शुभेंदु ने तुष्टीकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार को लेकर ममता-अभिषेक पर हमला बोला

मुख्यमंत्री शुभेंदु ने तुष्टीकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार को लेकर ममता-अभिषेक पर हमला बोला

मुख्यमंत्री शुभेंदु ने तुष्टीकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार को लेकर ममता-अभिषेक पर हमला बोला
Modified Date: July 22, 2026 / 05:53 pm IST
Published Date: July 22, 2026 5:53 pm IST

कोलकाता, 22 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला और पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति और पुलिस का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

विधानसभा में गृह विभाग के बजट पर बहस का जवाब देते हुए अधिकारी ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘एक ‘ब्रांडेड चोर’ हमें उपदेश दे रहा है। समय ही बताएगा कि आप जेल के अंदर रहेंगे या बाहर।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव की हालत ‘‘खुद को ‘पुष्पा’ कहने वाले जहांगीर खान से भी बदतर’ होगी।

अधिकारी ने अभिषेक का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘एक क्षेत्रीय पार्टी का अखिल भारतीय महासचिव’ और ‘बैलगाड़ी की हेडलाइट’ कहा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा उन्हें उनकी चुनावी जीत के अंतर से भी बड़े अंतर से राजनीतिक रूप से हराएगी।

मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी का नाम लिए बिना उन पर भी हमला बोला और कहा, ‘‘आप जितना अधिक बोलेंगी, राज्य के लिए उतना ही खतरनाक और नुकसानदेह होगा। आपको चुप रहना चाहिए।’’

टीएमसी प्रमुख पर निशाना साधते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया कि ‘हिंदू धर्म का अपमान करके आपने जिस तरह की तुष्टीकरण की राजनीति की है, वह कट्टरपंथियों से भी बदतर है’।

मुख्यमंत्री ने बनर्जी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘मैंने आपका असली चेहरा बेनकाब कर दिया है, और आपके जीते-जी मैं साबित कर दूंगा कि आप चोर हैं।’’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी के शासनकाल में पार्टी के हितों को साधने के लिए पुलिस बल का राजनीतिकरण किया गया।

अपनी सरकार के कानून-व्यवस्था के एजेंडे पर जोर देते हुए अधिकारी ने घोषणा की कि 26,000 पुलिस कांस्टेबल की भर्ती की जाएगी और उनमें से 16,000 को इस साल की दुर्गा पूजा से पहले तैनात किया जाएगा।

भाषा

संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में