मुख्यमंत्री विजय अपनी मेज पर मौजूद भ्रष्टाचार की फाइलों पर कार्रवाई करेंः उदयनिधि

मुख्यमंत्री विजय अपनी मेज पर मौजूद भ्रष्टाचार की फाइलों पर कार्रवाई करेंः उदयनिधि

मुख्यमंत्री विजय अपनी मेज पर मौजूद भ्रष्टाचार की फाइलों पर कार्रवाई करेंः उदयनिधि
Modified Date: August 21, 2026 / 05:10 pm IST
Published Date: August 21, 2026 5:10 pm IST

चेन्नई, 21 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने शुक्रवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को चुनौती दी कि वे अपनी मेज पर रखी भ्रष्टाचार की तीनों फाइलों को ‘खोलें’ और उन पर कार्रवाई करें।

विधानसभा में चर्चा की शुरुआत करते हुए उदयनिधि ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री ने तीन फाइलों का जिक्र किया था और कहा था कि वे उन्हें खोलने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे हैं।

उदयनिधि ने विजय के उस फैसले पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘मुख्यमंत्री ने हमारी पिछली द्रमुक सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें मामले की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए मजबूर न किया जाए। मैं आग्रह करता हूं कि वे फाइलें खोलें और कार्रवाई करें। आप जानकारी को सार्वजनिक करने से क्यों डर रहे हैं और देरी क्यों कर रहे हैं?’

हालांकि, अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर ने बाद में उदयनिधि की इस टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा दिया।

सदन के बीच में हस्तक्षेप करते हुए मंत्री एन. आनंद ने कहा कि सरकार के पास इन फाइलों के संबंध में पूरे सबूत मौजूद हैं और उन्होंने आश्वासन दिया कि उचित समय पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसी के साथ विधानसभा अध्यक्ष ने उदयनिधि के इस आरोप को खारिज कर दिया कि मुख्यमंत्री फैसले लेने के लिए दूसरों पर निर्भर हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री पूरी तरह से अपने स्वतंत्र निर्णय, बुद्धि और प्रशासनिक क्षमताओं के आधार पर काम करते हैं।

उदयनिधि की यह तीखी प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री विजय के 19 अगस्त को विधानसभा में दिए गए उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने विपक्षी द्रमुक को चेतावनी दी थी कि वे पिछली सरकार के भ्रष्टाचार के सबूतों की लगातार मांग न करें, क्योंकि उनके पास पहले से ही तीन सरकारी विभागों की ‘अभियोजन योग्य सामग्री वाली फाइलें’ मौजूद हैं।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में