सेना प्रमुख ने पुंछ सेक्टर में अग्रिम इलाकों का दौरा किया; तैयारियों की समीक्षा की

Ads

सेना प्रमुख ने पुंछ सेक्टर में अग्रिम इलाकों का दौरा किया; तैयारियों की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 08:36 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

जम्मू, सात फरवरी (भाषा) सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया और तैनाती की स्थिति, निगरानी उपायों और तैनात इकाइयों की तत्परता का आकलन किया।

सेना प्रमुख ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा में भाग लिया और क्षेत्र में अभियानगत तैयारियों का आकलन करने के लिए जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के मुख्यालय का भी दौरा किया।

सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सेना प्रमुख ने अभियानगत तैयारियों की समीक्षा के लिए पुंछ सेक्टर के अग्रिम इलाकों का दौरा किया। उन्होंने तैनाती की स्थिति, निगरानी उपायों और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और समग्र तैयारी की समीक्षा की।’’

यात्रा के दौरान जनरल द्विवेदी ने जवानों के साथ बातचीत की और उनके अटूट समर्पण और तैयारियों की सराहना की।

अधिकारियों ने कहा कि सेना प्रमुख ने सीमावर्ती जिलों पुंछ और राजौरी का दौरा किया और वरिष्ठ अधिकारियों ने जमीनी हालात के बारे में उन्हें जानकारी दी।

जनरल द्विवेदी ने सेना के फील्ड कमांडर और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात की और पुंछ में आतंकवाद रोधी अभियानों के मद्देनजर नियंत्रण रेखा के साथ-साथ भीतरी इलाकों में भी सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने कहा कि बाद में, उन्होंने दोनों जिलों की स्थिति का आकलन करने के लिए राजौरी में काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स (सीआईएफ) रोमियो मुख्यालय में एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

भाषा आशीष धीरज

धीरज