(फोटो के साथ)
चंडीगढ़, 12 मार्च (भाषा) वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह ने बृहस्पतिवार को भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की पश्चिमी वायु कमान के अंतर्गत एक अग्रिम हवाई अड्डे से उन्नत मिग-29 लड़ाकू विमान में उड़ान भरी।
अधिकारियों के अनुसार वायुसेना प्रमुख ने प्रमुख अड्डे पर बुनियादी ढांचे, चालक दल की तत्परता और विमान रखरखाव मानकों समेत कमान की समग्र परिचालन तैयारियों की भी समीक्षा की।
वायुसेना उन्नत मिग-29 विमानों के तीन स्क्वाड्रन – मिग-29 यूपीजी का रखरखाव करती है, जिन्हें मुख्य रूप से पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में तैनात किया जाता है।
एयर चीफ मार्शल सिंह ने मिग-29 में ऐसे समय उड़ान भरी जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच क्षेत्रीय वायु सेनाएं अपनी हवाई शक्ति क्षमताओं का बारीकी से आकलन कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि वायुसेना प्रमुख सिंह ने लड़ाकू विमान में लगभग 45 मिनट की उड़ान भरी।
उन्होंने बताया कि पिछले साल लगभग 88 घंटे तक चले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हवाई रक्षा में मिग-29 यूपीजी स्क्वाड्रन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अधिकारियों ने बताया कि 2008 के एक अनुबंध के तहत रूस के सहयोग से उन्नत किये गये इस विमान में उन्नत रडार, अतिरिक्त ईंधन टैंकों के माध्यम से विस्तारित रेंज और आधुनिक सुविधाएं हैं।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश