दिल्ली के जाफराबाद में बच्चे के नाले में डूबने की आशंका
दिल्ली के जाफराबाद में बच्चे के नाले में डूबने की आशंका
नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली में जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक बच्चा कथित रूप से नाले में गिर गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से लड़के की तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दोपहर में एक बज कर करीब पंद्रह मिनट पर एक लड़के के नाले में गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद बचाव दल मौके पर भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास 8-10 साल के एक अज्ञात बच्चे के कथित तौर पर डूबने की सूचना वेलकम थाने को मिली थी।
पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता, जनता मजदूर कॉलोनी के निवासी शादाब अली (30) ने बताया कि बच्चा कथित तौर पर नाले में डूब गया और दिखाई नहीं दे रहा था।
पुलिस ने कहा कि तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें चार गोताखोरों की एक टीम ने बचाव नौका के साथ नाले की व्यापक तलाशी ली।
गोताखोरों ने कई बार नाले और आसपास के सीवरेज निकासी मार्ग की तलाशी ली, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।
इस बीच, दिल्ली अग्निशमन सेवा की एक टीम और एक कैट्स एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची और बचाव प्रयासों में सहायता की।
पुलिस ने कहा कि गोताखोरों ने गहन तलाशी ली, लेकिन बच्चा नहीं मिला।
एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने पता लगाने की कोशिश की क्या किसी बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत प्राप्त हुई है, लेकिन ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली थी।
उनके मुताबिक, बाद में स्थानीय मस्जिदों और मंदिरों से यह पता लगाने के लिए ऐलान कराए गए कि क्या क्षेत्र से कोई बच्चा लापता है।
पुलिस ने कहा कि बच्चे की पहचान और कथित तौर पर डूबने की परिस्थितियों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
अधिकारी ने कहा कि बच्चे और घटना के तथ्यों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


