दिल्ली के कृष्णानगर से अपहृत बच्चा गुजरात से बरामद, एक गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के कृष्णानगर से अपहृत बच्चा गुजरात से बरामद, एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 3, 2025 / 04:16 PM IST,
    Updated On - October 3, 2025 / 04:16 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा)दिल्ली के कृष्णा नगर से एक पड़ोसी द्वारा अपहृत तीन वर्षीय बच्चे को गुजरात के एक रेलवे स्टेशन से बचा लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गुजरात रेलवे पुलिस के तालमेल से चलाए गए अंतरराज्यीय अभियान के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि 15 सितंबर को एक मामला दर्ज कराया गया था जिसमें गांधी नगर निवासी एक महिला ने शिकायत की थी कि पड़ोसी सुधीर कुमार ठाकुर इलाज के बहाने उसके बेटे को धोखे से अपने साथ ले गया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि ठाकुर से करीब दो महीने पहले उससे दोस्ती हुई थी और एक महीने पहले उसने शादी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, उसने अपने बच्चे और छोटी बहनों की जिम्मेदारी का हवाला देते हुए ठाकुर के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘इनकार से नाराज आरोपी ने 14 सितंबर को बच्चे का अपहरण कर लिया। शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए तुरंत एक टीम गठित की गई।’’

उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए इलाके के 30 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की तस्वीरों का विश्लेषण किया गया। उसके ‘कॉल डिटेल’ से जानकारी मिली कि वह रेलमार्ग से बिहार जा रहा है जिसके बाद टीम बिहार के आरा भेजी गईं, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाने बदलता रहा।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस को तब सफलता मिली जब शिकायतकर्ता सोशल मीडिया पर वीडियो कॉल के जरिए आरोपी से संपर्क करने में कामयाब रही। बातचीत के दौरान दिखा कि आरोपी सूरत रेलवे स्टेशन पर है।

उन्होंने बताया, ‘‘इस सुराग के आधार पर एक टीम सूरत भेजी गई और जीआरपी के साथ समन्वय किया गया। टीम ने सूरत रेलवे स्टेशन से ठाकुर को पकड़ लिया और अपहृत लड़के को बचा लिया गया।’’

पुलिस अधिकारी के मुताबिक बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर उसे परिवार को सौंप दिया गया। आरोपी को सूरत की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से दिल्ली पुलिस ने उसकी ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली।

उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी को दिल्ली की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

ठाकुर मूल रूप से बिहार के भोजपुर (आरा) जिले का रहने वाला है और उसका पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश