बाहरी दिल्ली के एमडीसी स्कूल परिसर से चौकीदार का जला हुआ शव मिला

बाहरी दिल्ली के एमडीसी स्कूल परिसर से चौकीदार का जला हुआ शव मिला

बाहरी दिल्ली के एमडीसी स्कूल परिसर से चौकीदार का जला हुआ शव मिला
Modified Date: February 24, 2026 / 05:32 pm IST
Published Date: February 24, 2026 5:32 pm IST

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) बाहरी दिल्ली के रणहौला इलाके में स्थित एक एमसीडी प्राथमिक विद्यालय के गार्ड कक्ष से 58 वर्षीय चौकीदार का जला हुआ शव मंगलवार को बरामद हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान नरेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रोहतक का निवासी था। पुलिस ने एक बयान में कहा कि वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कार्यरत था और स्कूल में चौकीदार के पद पर तैनात था।

बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि उसकी सेवानिवृत्ति 2027 में होनी थी।

अधिकारी ने कहा, ‘स्कूल कर्मचारियों को सुबह करीब 7.45 बजे घटना का पता चला और उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी। कुमार की ड्यूटी दोपहर एक बजे से शुरू होती थी और वह गार्ड रूम में रहते थे।’

पुलिस ने बताया कि शव पूरी तरह से जला हुआ मिला। पुलिस ने साथ ही यह भी कहा कि आग केवल गार्ड कक्ष में लगी थी और आग लगने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, स्कूल परिसर में आग लगने की सूचना सुबह करीब आठ बजे मिली, जिसके बाद एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया।

डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘जब तक हम पहुंचे, आग बुझाई जा चुकी थी। परिसर के निरीक्षण के दौरान, गार्ड कक्ष के अंदर एक जला हुआ शव मिला।’

अधिकारी ने बताया कि एक पुलिस दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि घटना से पहले की घटनाओं के क्रम का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में