‘इमेजिंग’ उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई, हमारी पृथ्वी अवलोकन क्षमता मजबूत होगी: खरगे
'इमेजिंग' उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई, हमारी पृथ्वी अवलोकन क्षमता मजबूत होगी: खरगे
नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को ‘जीएसएलवी-एफ17/ईओएस-05 मिशन’ की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों एवं पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि यह कामयाबी भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को और मजबूत करेगी।
इसरो ने इतिहास रचते हुए भू-तुल्यकालिक कक्षा में स्थापित होने वाले देश के पहले ‘इमेजिंग’ (तस्वीर लेने वाले) उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया।
भू-तुल्यकालिक उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) के जरिए 2,300 किलोग्राम से अधिक वजनी उपग्रह को निर्धारित कक्षा में स्थापित किया गया।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ईओएस-05 भारत का जियोसिंक्रोनस कक्षा से प्रक्षेपित पहला ‘इमेजिंग’ उपग्रह है और इससे देश की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी, जिन्हें वर्षों से विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों और अनुसंधानकर्ताओं पर बेहद गर्व है, जिनकी प्रतिबद्धता और प्रतिभा भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को लगातार नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी पार्टी वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति हमेशा से प्रतिबद्ध रही है।
खरगे ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माताओं ने दूरदृष्टि के साथ देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम की नींव रखी थी और वैज्ञानिकों की कई पीढ़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ इस विरासत को आगे बढ़ाया है।
भाषा हक वैभव
वैभव

Facebook


