चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक की ‘‘भड़काऊ टिप्पणियों’’ की जांच सीआईडी ने अपने हाथ में ली

Ads

चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक की ‘‘भड़काऊ टिप्पणियों’’ की जांच सीआईडी ने अपने हाथ में ली

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 11:31 AM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 11:31 AM IST

कोलकाता, 12 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की कथित भड़काऊ टिप्पणियों से जुड़े मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस मामले की जांच पहले बिधाननगर साइबर अपराध थाना कर रहा था।

अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान जुटाए गए मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य सामग्री सीआईडी को सौंप दी गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जांच सीआईडी को सौंपने के संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया गया है। ‘केस डायरी’, अब तक जुटाए गए दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जांच के लिए एजेंसी को सौंप दिए गए हैं।’’

पश्चिम बंगाल पुलिस ने विधानसभा चुनाव के दौरान ‘‘भड़काऊ टिप्पणियां’’ करने के आरोप में डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले कहा था कि उत्तर 24 परगना जिले के बागुईआटी थाने में सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार की ओर से पांच मई को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। यह शिकायत विधानसभा चुनाव नतीजों की घोषणा के एक दिन बाद दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने चुनाव बाद हिंसा और मतगणना प्रक्रिया को लेकर भड़काऊ टिप्पणियां की थीं।

अधिकारी ने कहा था कि शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया था कि बनर्जी की भड़काऊ टिप्पणियां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी थीं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘संबंधित वीडियो क्लिप, सोशल मीडिया लिंक और अन्य डिजिटल सामग्री सुरक्षित कर ली गई है। सीआईडी शिकायत के सभी पहलुओं की जांच करेगी और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।’’

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा