खुद को पुलिस उपनिरीक्षक बताने वाला नागरिक रक्षा स्वयंसेवी गिरफ्तार

खुद को पुलिस उपनिरीक्षक बताने वाला नागरिक रक्षा स्वयंसेवी गिरफ्तार

खुद को पुलिस उपनिरीक्षक बताने वाला नागरिक रक्षा स्वयंसेवी गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 07:50 pm IST
Published Date: June 7, 2021 11:26 am IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा)खुद को दिल्ली पुलिस का उप निरीक्षक बताने और कोविड-19 के नियमों के उल्लंघन पर लोगों का चालान काटने के आरोप में एक नागरिक रक्षा स्वयंसेवी को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी सुनील कुमार (31) के पास दिल्ली पुलिस का फर्जी पहचान पत्र था और वह खुद को तिगड़ी पुलिस थाने में पदस्थ उप निरीक्षक बताता था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुमार को रविवार को उस वक्त पकड़ा गया जब वह दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में बंध रोड में इस बात की जांच कर रहा था कि लोगों ने मास्क पहने हैं कि नहीं। उसने पुलिस कर्मचारी की वर्दी पहनी हुई थी और संक्रमण से संबंधित दिशा निर्देशों के उल्लंघन में उसने कई लोगों का चालान काटा था।

पुलिस ने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने लोगों से कितने रुपए वसूले हैं।

यह मामला उस वक्त सामने आया जब दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल अमित घटनास्थल पर पहुंचा और उसने कुमार के पहचान पत्र की जांच की। कुमार के पास आधार कार्ड, आपदा प्रबंधन ड्यूटी पास और नागरिक रक्षा का पहचान पत्र भी था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा,‘‘ हमने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।’’

भाषा शोभना नरेश

नरेश


लेखक के बारे में