राजस्थान : टोंक में 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

राजस्थान : टोंक में 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

राजस्थान : टोंक में 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप
Modified Date: May 14, 2026 / 05:23 pm IST
Published Date: May 14, 2026 5:23 pm IST

जयपुर, 14 मई (भाषा) राजस्थान के टोंक जिले में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने किराये के मकान में कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला एक लड़की से संबंध, पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

वहीं, मृतक छात्र (17) के परिजनों ने लड़की और उसके परिवार पर “धर्म परिवर्तन के लिए दबाव” बनाने का आरोप लगाया है।

जयपुर निवासी छात्र पिछले पांच वर्षों से अपनी मां और छोटे भाई के साथ टोंक में किराये के मकान में रह रहा था।

कोतवाली थाना प्रभारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह देर तक छात्र अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इसके बाद उसकी मां ने खिड़की से देखा तो वह पंखे से लटका मिला। परिजन और पड़ोसी उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्र का पिछले दो वर्षों से उसी निजी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से संबंध था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर होने वाले विवाद के कारण छात्र मानसिक रूप से परेशान रहता था।

मृतक छात्र की मां ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि लड़की और उसके परिवार के लोग उसके बेटे पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहे थे।

थाना प्रभारी ने कहा, “शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।”

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में