झारखंड के धनबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो लोग घायल
झारखंड के धनबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो लोग घायल
धनबाद/कोडरमा, 18 अगस्त (भाषा) झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह के दो संदिग्ध सदस्य घायल हो गए, जबकि कोडरमा जिले में बैंक लूट की कथित कोशिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि जमीन कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए कुछ अपराधियों के जिले में आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बरवड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को देखा और उनसे पूछताछ के लिए संपर्क किया।
पुलिस के अनुसार, युवकों ने भागने की कोशिश में गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
एसएसपी ने बताया कि गोलीबारी में इरफान अंसारी और नजीर अंसारी उर्फ नन्हे के पैरों में गोली लगी, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के समय दोनों घायल आरोपी प्रिंस खान के बड़े भाई गोपी खान के संपर्क में थे। उनके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
दोनों को पुलिस हिरासत में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया है।
एक अन्य अभियान में कोडरमा पुलिस ने बिहार के चार लोगों को गिरफ्तार कर बैंक लूट की कथित कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशिष ने बताया कि तेलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती में पिछले कुछ दिनों से किराये के मकान में कुछ संदिग्ध लोगों के रहने की सूचना मिली थी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद केशरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार देर रात वहां छापेमारी की।
एसपी ने कहा, “पुलिस टीम ने जब संदिग्धों से आत्मसमर्पण करने को कहा तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की।”
इस दौरान 23 वर्षीय प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के पैर में गोली लगी। उसे कोडरमा सदर अस्पताल में पुलिस हिरासत में भर्ती कराया गया है।
उसके तीन साथियों 22 वर्षीय सनी कुमार, 19 वर्षीय अतुल कुमार मिश्रा और 20 वर्षीय अमन राज को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रिंस बिहार के सीवान जिले का रहने वाला है, जबकि अन्य तीन आरोपी वैशाली जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, 15 कारतूस और अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
एसपी ने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे बैंक लूटने के इरादे से कोडरमा आए थे। उन्होंने बताया कि संदेह है कि गिरोह करीब दो सप्ताह से तेलैया थाना क्षेत्र में स्थित ‘बैंक ऑफ महाराष्ट्र’ की एक शाखा की रेकी कर रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने की कोशिश के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
भाषा राखी माधव
माधव

Facebook


