मुख्यमंत्री गहलोत घोषणाजीवी, सभी घोषणाएं और वादे आज भी अधूरे: पूनियां

मुख्यमंत्री गहलोत घोषणाजीवी, सभी घोषणाएं और वादे आज भी अधूरे: पूनियां

मुख्यमंत्री गहलोत घोषणाजीवी, सभी घोषणाएं और वादे आज भी अधूरे: पूनियां
Modified Date: November 29, 2022 / 08:13 pm IST
Published Date: December 18, 2021 10:56 pm IST

जयपुर, 18 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नई घोषणाओं पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को उन्हें ‘घोषणाजीवी’ बताया और कहा कि वे पिछले तीन साल से सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं। राज्य की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा की गई नई घोषणाओं को लेकर प्रतिक्रिया में पूनियां ने यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘ ‘मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घोषणाजीवी हैं, पिछले तीन साल से सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं, धरातल पर कुछ नहीं है।”

भाजपा नेता ने कहा कि 2018 के कांग्रेस के जन घोषणापत्र में प्रदेश के सभी किसानों का पूरा कर्जा माफ करने का वादा किया गया था, आज प्रदेश के 60 लाख किसान कर्जा माफ होने का इंतजार कर रहे हैं!

पूनियां ने कहा,” लेकिन मुख्यमंत्री पिछली घोषणाएं और वादे पूरे करने के बजाय सिर्फ घोषणाएं करने में ही व्यस्त हैं और अपनी कुर्सी बचाने के जुगाड़ में लगे हैं।” उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री निवास में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में गहलोत ने 13195 करोड़ रुपए के 2512 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया।

भाषा पृथ्वी स्नेहा

स्नेहा


लेखक के बारे में