मुख्यमंत्री गहलोत ने गुरुद्वारा बुड्ढा जोहड़ में मत्था टेका

Ads

मुख्यमंत्री गहलोत ने गुरुद्वारा बुड्ढा जोहड़ में मत्था टेका

  •  
  • Publish Date - January 21, 2023 / 03:26 PM IST,
    Updated On - January 21, 2023 / 03:26 PM IST

जयपुर, 21 जनवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को गंगानगर जिले में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा बुड्ढा जोहड़ में मत्था टेका। मुख्यमंत्री ने इसके बाद बिश्नोई मंदिर में जांभाणी हरिकथा के उपलक्ष्य में कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, गंगानगर हनुमानगढ़ जिले के अपने दो दिन के दौरे के दूसरे दिन गहलोत ने शनिवार सुबह रायसिंहनगर क्षेत्र में ऐतिहासिक गुरुद्वारा बुड्ढा जोहड़ (डाबला) में मत्था टेका। उन्होंने प्रदेशवासियों के भले के लिए अरदास की।

इस अवसर पर गुरुद्वारे के प्रमुख ग्रंथी ने गहलोत और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य को सरोपा भेंट किया।

गहलोत ने कहा कि जिस तरह से गुरु घर में सदियों से लंगर की परंपरा चली आ रही है, उसी तरह ‘कोई भूखा नहीं सोए‘ संकल्प के साथ राज्य सरकार इंदिरा रसोई के माध्यम से सिर्फ आठ रुपये में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने गुरु नानक देव और गुरु गोविंद सिंह को याद करते हुए प्रदेशवासियों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

गहलोत ने गुरुद्वारे में बैठकर गुरु जस का गान सुना और सरोवर का निरीक्षण भी किया।

इसके बाद, वह बिश्नोई मंदिर बुड्ढा जोहड़ (डाबला) पहुंचे। यहां उन्होंने श्री जांभाणी हरिकथा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों से गुरु जंभेश्वर महाराज की शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान किया।

गहलोत इस दौरान आम लोगों से भी मिले और सरकार की योजनाओं के बारे में उनकी राय जानी।

भाषा

पृथ्वी पारुल

पारुल