संसद मार्च के बाद जंतर-मंतर से कॉजपा का मंच हटाया गया

संसद मार्च के बाद जंतर-मंतर से कॉजपा का मंच हटाया गया

संसद मार्च के बाद जंतर-मंतर से कॉजपा का मंच हटाया गया
Modified Date: July 20, 2026 / 07:17 pm IST
Published Date: July 20, 2026 7:17 pm IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) ‘संसद मार्च’ को आंसू गैस के गोले छोड़कर और लाठीचार्ज कर रोकने के कुछ घंटे बाद सोमवार को पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल को हटा दिया।

हालांकि, संसद मार्च के बाद प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए।

आंदोलन के एक नेता ने कहा कि वे धरना जारी रखेंगे।

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन के लिए बनाया गया मंच हटा दिया गया। मौके से ट्रैम्पोलिन, कालीन, गद्दे और अन्य सामान भी हटा दिए गए।

एक प्रदर्शनकारी ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ कॉजपा प्रतिनिधिमंडल की बातचीत के बाद उनकी प्रमुख मांगों में से एक पूरी हो गई है।

हालांकि, उसने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लाउडस्पीकर लगे एक टेंपो से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।

कॉजपा ने छह जून को जंतर-मंतर पर एक दिवसीय प्रदर्शन किया था। इसके बाद संगठन ने कई प्रदर्शनकारियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।

इससे पहले सोमवार को हजारों प्रदर्शनकारी संसद मार्ग के निकट एकत्र हुए और परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही तय करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद की ओर मार्च किया।

सुरक्षा बलों ने मार्च को रोक दिया, जिसके बाद झड़प हुई और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में