कश्मीर में शीतलहर तेज हुई, गुलमर्ग में पारा गिरकर शून्य से 7.2 डिग्री नीचे पहुंचा

कश्मीर में शीतलहर तेज हुई, गुलमर्ग में पारा गिरकर शून्य से 7.2 डिग्री नीचे पहुंचा

कश्मीर में शीतलहर तेज हुई, गुलमर्ग में पारा गिरकर शून्य से 7.2 डिग्री नीचे पहुंचा
Modified Date: November 29, 2022 / 07:50 pm IST
Published Date: December 27, 2020 8:07 am IST

श्रीनगर, 27 दिसंबर (भाषा) कश्मीर में रविवार को शीतलहर और तेज हो गई तथा समूची घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 12 दिसंबर को हुई बर्फबारी के बाद से कश्मीर में मौसम शुष्क और सर्द बना हुआ है, जबकि रात का तापमान शून्य से नीचे रहा है।

इस बीच, मौसम विभाग का अनुमान है कि घाटी में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में पारा शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि उसके पिछली रात तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उसके पिछली रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था।

घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा।

अधिकारियों ने कहा कि काजीगुंड का न्यूनतम तापमान शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वर्तमान में कश्मीर ‘चिल्लई कलां’ की चपेट में है। इस दौरान 40 दिनों तक भीषण सर्दी होती है।

अधिकारियों ने कहा कि इस अवधि के दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होती है। 21 दिसंबर से शुरू हुआ ‘चिल्लई-कलां’ 31 जनवरी को समाप्त होगा।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक घाटी में हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है।

भाषा

कृष्ण नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में