कोलकाता हवाई अड्डे पर करीब 60 लाख रुपये के आभूषण बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार
कोलकाता हवाई अड्डे पर करीब 60 लाख रुपये के आभूषण बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार
कोलकाता, छह अगस्त (भाषा) कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू कार्गो क्षेत्र से लगभग 60 लाख रुपये के सोने के आभूषणों की तस्करी का प्रयास करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी राम अवतार शर्मा के रूप में हुई है, जिसे बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के तहत हवाईअड्डा पुलिस थाने के कर्मियों ने एक गुप्त सूचना के बाद पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को शर्मा को घरेलू कार्गो टर्मिनल से स्कूटर पर बाहर निकलते समय रोका गया।
तलाशी के दौरान लगभग 400 ग्राम सोने के गहने जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई सौ ग्राम चांदी भी बरामद की।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह खेप कोलकाता के बड़ाबाज़ार इलाके में ले जाई जा रही थी।
आरोपी को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया जाना था।
एक अधिकारी ने बताया कि वे तस्करी नेटवर्क की जांच करने और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आरोपी की हिरासत की मांग करेंगे।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


