ओएसएम का ठेका देने की प्रक्रिया की जांच के लिए समिति का गठन

Ads

ओएसएम का ठेका देने की प्रक्रिया की जांच के लिए समिति का गठन

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:13 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:13 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) केंद्र सरकार ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली का ठेका देने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए एक-सदस्यीय समिति का गठन किया है। मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से मंगलवार को जारी एक ज्ञापन में यह जानकारी दी गई है।

ज्ञापन के मुताबिक, समिति की अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस राधा चौहान करेंगी।

इसमें कहा गया है कि चौहान को आवश्यकतानुसार अन्य विभागों के अधिकारियों की मदद हासिल करने का अधिकार दिया गया है, जबकि क्षमता निर्माण आयोग समिति को सचिवालय संबंधी सहायता प्रदान करेगा।

ज्ञापन के अनुसार, समिति केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

चौहान के नाम पर जारी ज्ञापन को विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के साथ साझा किया गया है।

ओएसएम का ठेका देने के लिए सीबीएसई की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए समिति ऐसे समय में गठित की गई है, जब छात्र और अभिभावक परीक्षाओं में इस प्रणाली के कार्यान्वयन को लेकर चिंताएं जता रहे हैं।

सीबीएसई को तकनीकी खामियों, भुगतान में विफलताओं और सत्यापन एवं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में देरी को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश