राजस्थान के आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराएं:राज्य निर्वाचन आयुक्त

राजस्थान के आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराएं:राज्य निर्वाचन आयुक्त

राजस्थान के आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराएं:राज्य निर्वाचन आयुक्त
Modified Date: August 6, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: August 6, 2026 7:39 pm IST

जयपुर, छह अगस्त (भाषा) राजस्थान के राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बृहस्पतिवार को आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

यहां सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और निर्वाचन कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

सिंह ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्भीक होकर मतदान करने का अवसर मिले और इसके लिए आयोग के दिशा-निर्देशों और विधिक प्रावधानों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मतदाता सूचियों के अद्यतन, मतदान केंद्रों की स्थापना, मतदान दलों के गठन, कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करके वहां पर्याप्त सुरक्षा और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद उसका प्रभावी पालना सुनिश्चित किया जाए तथा मतदाताओं को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण पर भी जोर दिया।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय, रैंप और व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोग के प्रावधानों के अनुरूप विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा ने आगामी चुनाव की तैयारियों पर प्रस्तुतीकरण देते हुए मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के पालन, शिकायत निस्तारण और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव संबंधी तैयारियों की प्रगति की जानकारी दी तथा विभिन्न प्रशासनिक और व्यावहारिक चुनौतियों से अवगत कराया। इस पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए लंबित विषयों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

भाषा बाकोलिया

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में