नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) कांग्रेस ने अपने दो वरिष्ठ नेताओं मुकुल वासनिक और अजय माकन को केरल के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो विधायक दल के नेता के चयन को लेकर नवनिर्वाचित विधायकों से रायशुमारी करेंगे। पार्टी सूत्रों ने मंगलवार रात यह जानकारी दी।
सूत्रों का कहना है कि विधायक दल की बैठक तय होते ही दोनों वरिष्ठ नेता तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे और विधायकों से उनकी राय लेने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
कांग्रेस विधायक दल का नेता ही केरल का अगला मुख्यमंत्री होगा।
इससे पहले, कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस में एक स्थापित प्रक्रिया है और पार्टी केरल के संदर्भ में जल्द फैसला करेगी।
उनका आशय कांग्रेस की उस प्रक्रिया की तरफ था, जिसके तहत पार्टी विधायक दल की बैठक में आमतौर पर एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर नेता को चुनने के लिए पार्टी आलाकमान को अधिकृत किया जाता है।
केरल विधानसभा की 140 सीट में से कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ ने 102 सीट जीती हैं, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ को महज 35 सीट पर संतोष करना पड़ा है।
भाषा हक अविनाश
अविनाश
अविनाश