हिमाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिये कांग्रेस उम्मीदवार निर्वाचित

हिमाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिये कांग्रेस उम्मीदवार निर्वाचित

हिमाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिये कांग्रेस उम्मीदवार निर्वाचित
Modified Date: March 9, 2026 / 07:48 pm IST
Published Date: March 9, 2026 7:48 pm IST

शिमला, नौ मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश में सोमवार को कांग्रेस उम्मीदवार अनुराग शर्मा को प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। यह सीट इससे पहले भारतीय जनता पार्टी की इंदु गोस्वामी के पास थी।

चुनाव अधिकारी और विधानसभा के सचिव ने नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद यह घोषणा की। नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन शर्मा के अलावा कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं था।

यह पिछले 10 वर्षों में राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी की वापसी का प्रतीक है। भाजपा ने 2018, 2020 और 2022 में राज्यसभा सीट पर कब्जा किया था। अप्रत्याशित घटनाक्रम में, भाजपा ने 2024 में कांग्रेस से यह सीट छीन ली, जबकि राज्य में कांग्रेस सत्ता में थी और विधानसभा में उसके पास बहुमत था।

अनुराग शर्मा, कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं और कांगड़ा के बैजनाथ क्षेत्र के बीर से आते हैं। वह बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।

29 अगस्त 1978 पैदा हुए शर्मा 1995 से कांग्रेस के सक्रिय सदस्य हैं। इससे पहले वह बैजनाथ सरकारी कॉलेज में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के अध्यक्ष रह चुके हैं और 1998 से 2001 तक पार्टी की युवा शाखा के राज्य महासचिव भी रहे हैं।

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए शर्मा ने ईश्वर, कांग्रेस आला कमान, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने राज्य की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का वादा किया।

इससे पहले उन्होंने कहा था कि राज्यसभा के लिए कांग्रेस का टिकट मिलना उनके जैसे पार्टी कार्यकर्ता के लिए एक सपने के सच होने जैसा है।

शर्मा को मुख्यमंत्री का बेहद करीबी माना जाता है।

भाषा रंजन नरेश

नरेश


लेखक के बारे में