कोलकाता, 30 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट के उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्हें एक दिन पहले कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 2007 में दर्ज छह आपराधिक मामलों में अंतरिम जमानत दी थी।
हल्दिया जेल के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वह छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए तुरंत प्रचार शुरू करेंगे।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं आज से ही प्रचार शुरू कर दूंगा। अब ज्यादा समय नहीं बचा है। नंदीग्राम के लोग चाहते हैं कि कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि यहीं का बेटा जीते। मुझे अपनी जीत का भरोसा है।’’
उपचुनाव के लिए प्रचार चार अक्टूबर को समाप्त होगा जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।
उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कांग्रेस उम्मीदवार को 20 अक्टूबर तक राहत दी और उन्हें नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए प्रचार करने की अनुमति दे दी।
यह सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई थी। उन्होंने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर सीट दोनों पर जीत हासिल की थी और भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया था।
भाषा वैभव अविनाश देवेंद्र
देवेंद्र