जुबिन की मौत का मुद्दा अपने घोषणापत्र में शामिल कर कांग्रेस ने ‘पाप’ किया : हिमंत

जुबिन की मौत का मुद्दा अपने घोषणापत्र में शामिल कर कांग्रेस ने ‘पाप’ किया : हिमंत

जुबिन की मौत का मुद्दा अपने घोषणापत्र में शामिल कर कांग्रेस ने ‘पाप’ किया : हिमंत
Modified Date: March 31, 2026 / 09:39 pm IST
Published Date: March 31, 2026 9:39 pm IST

(फोटो सहित)

गुवाहाटी, 31 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने गायक जुबिन गर्ग की मौत के मुद्दे को अपने घोषणापत्र में शामिल करके ‘‘पाप’’ किया है।

मुख्यमंत्री ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम के दौरान कहा कि जुबिन गर्ग सभी असमिया लोगों के प्रिय हैं और उनके नाम का इस्तेमाल वोट जुटाने के लिए करना दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है।

उन्होंने कहा कि मामला अदालत में है, और कांग्रेस इस बात से अनभिज्ञ है कि एक त्वरित अदालत का गठन पहले ही हो चुका है और मामले की रोजाना सुनवाई शुरू हो चुकी है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में जुबिन का नाम और उनके निधन का जिक्र करके पाप किया है। अगर कांग्रेस जुबिन को सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहती है, तो वे एक वकील नियुक्त कर सकते हैं…वे अभिषेक मनु सिंघवी को ला सकते हैं, जो त्वरित अदालत में मुफ्त में मुकदमा लड़ सकते हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘जुबिन का नाम वोट मांगने के लिए घिनौनी राजनीति करने का काम आज तक किसी ने नहीं किया…चुनाव में लोग इस पार्टी को करारा सबक सिखाएंगे।”

शर्मा ने कहा कि सरकार फैसला नहीं सुना सकती; वह केवल त्वरित अदालत गठित कर सकती है और अभियोजन पक्ष के वकीलों की नियुक्ति कर सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं चाहता हूं कि न्याय तीन महीने के भीतर, मुख्यत: एक महीने के भीतर मिल जाए। मुझे विश्वास है कि जिस तरह से कार्यवाही चल रही है, न्याय मिलने में 100 दिन भी नहीं लगेंगे, और मुझे उम्मीद है कि हमें एक महीने के भीतर अच्छी खबर मिलेगी।’’

कांग्रेस के घोषणापत्र में सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर गायक को न्याय दिलाने का वादा किया गया था।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घोषणापत्र जारी किया, लेकिन भूपेन हजारिका और जुबिन गर्ग दोनों का अपमान उन्होंने ही किया था।

शर्मा ने कहा, ‘‘खरगे के बेटे ने असम के युवाओं का अपमान करते हुए कहा था कि राज्य में सेमीकंडक्टर उद्योग में काम करने के लिए कोई प्रतिभाशाली व्यक्ति नहीं है…क्या लोग विश्वास करेंगे कि वे जुबिन गर्ग को न्याय दिला सकते हैं?’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है जिसमें कांग्रेस द्वारा नियुक्त एक परामर्श फर्म के लोग इस बात पर चर्चा करते हुए सुने जा रहे हैं कि वोट पाने के लिए जुबिन की मौत का मुद्दा सभी स्तरों पर उठाया जाना चाहिए।

शर्मा ने कहा, ‘‘अगर मैं फिर से मुख्यमंत्री बना तो मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि इस गिरोह के सभी सदस्यों को इस तरह की गंदी राजनीति और साजिश में लिप्त होने के लिए गिरफ्तार किया जाए। जुबिन के नाम पर राजनीति करने वाले किसी को भी मैं नहीं बख्शूंगा।’’

गायक गर्ग (52) की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मृत्यु हो गई थी। गर्ग चौथे पूर्वोत्तर भारत महोत्सव (एनईआईएफ) में भाग लेने गए थे।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में