कांग्रेस हिजाब मुद्दे पर विभाजित : कर्नाटक के राजस्व मंत्री

Ads

कांग्रेस हिजाब मुद्दे पर विभाजित : कर्नाटक के राजस्व मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 19, 2022 / 05:06 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:20 PM IST

मंगलुरु, 19 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस पार्टी हिजाब विवाद पर बंटी हुई है, क्योंकि कनार्टक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष डी के शिवकुमार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया द्वारा मामले पर अपनाए गए रुख का समर्थन नहीं कर रहे हैं।

यहां जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक से इतर संवाददाताओं से बातचीत में अशोक ने कहा कि शिवकुमार कांग्रेस नेताओं को हिजाब का सार्वजनिक रूप से समर्थन करने की अनुमति नहीं दे रहे हैं, जबकि सिद्धरमैया का अलग रुख है।

अशोक, कांग्रेस की मांग को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। कांग्रेस लाल किले पर भगवा झंडा संबंधी कथित टिप्पणी को लेकर के एस ईश्वरप्पा से इस्तीफे की मांग कर रही है।

राजस्व मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिजाब के मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा के लिए तैयार नहीं है और इसलिए ईश्वरप्पा के बहाने मुद्दे से ध्यान भटका रही है।

उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि वह अपना रुख स्पष्ट करे, ताकि छात्र स्कूल शिक्षण संस्थानों में लौट सकें।

गौरतलब है कि हिजाब विवाद उस समय बढ़ गया, जब उडुपी के एक प्री यूनिवसिर्टी कॉलेज में लड़कियों के हिजाब पहन कर आने के विरोध में लड़के भगवा गमछा पहनकर आने लगे। उनका कहना था कि अगर लड़कियां हिजाब पहनकर कक्षा में आएंगी तो वे भी भगवा गमछा पहनकर कक्षा में आएंगे।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप