कांग्रेस राजनीति के अपराधीकरण का पर्याय बनती जा रही है : नितिन नवीन
कांग्रेस राजनीति के अपराधीकरण का पर्याय बनती जा रही है : नितिन नवीन
हैदराबाद, 30 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि देश को बांटने का प्रयास कर रही ताकतों का समर्थन करने के कारण यह राजनीतिक दल भ्रष्टाचार के साथ-साथ राजनीति के अपराधीकरण का भी पर्याय बनता जा रहा है।
तेलंगाना के अपने तीन दिवसीय के दौरे के आखिरी दिन शहर के बाहरी इलाके में भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि जनता और पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता ‘‘राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर खर्च हुए सरकारी पैसे’’ के लिए राज्य की कांग्रेस सरकार को जवाबदेह ठहराएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय हैं। मुझे लगता है कि राजनीति का अपराधीकरण भी कांग्रेस का पर्याय बनता जा रहा है। जिस तरह से नापाक मंसूबों के साथ देश को बांटना चाह रही ताकतों को कांग्रेस का समर्थन मिलता है, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार और राजनीति के अपराधीकरण के लिए जानी जाएगी।’’
भाजपा प्रमुख ने कहा कि राजग सरकार द्वारा लागू किए गए जीएसटी (माल एवं सेवा कर) तथा आयकर में दी गई छूट से लोगों को राहत मिली है, जबकि तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ‘‘आरआर कर’’ के जरिए ‘‘दिल्ली दरबार’’ को पैसे भेजती है।
भाजपा ने ‘‘आरआर कर’’ शब्द का इस्तेमाल ‘‘राहुल गांधी, रेवंत रेड्डी कर’’ के रूप में किया है।
नवीन ने कहा, ‘‘मुझे हाल ही में पता चला है कि कांग्रेस ने अपनी परंपरा के अनुसार, (सरकार की) मूसी रिवरफ्रंट योजना में लूट-खसोट शुरू कर दी है। लेकिन, आपके माध्यम से हम कांग्रेस सरकार को चेतावनी दे रहे हैं कि भाजपा कार्यकर्ता और तेलंगाना की जनता राहुल गांधी के विदेश दौरों पर खर्च किये जा रहे लोगों के खून-पसीने की कमाई का हिसाब आपसे जरूर मांगेंगे।’’
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें तेलंगाना में ‘‘कांग्रेस, बीआरएस और एआईएमआईएम के खेल’’ के बारे में पता है।
कांग्रेस सरकार द्वारा मुसलमानों को पिछड़ा वर्ग श्रेणी के तहत आरक्षण दिये जाने का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा धर्म-आधारित आरक्षण को खत्म कर देगी और इसका फायदा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग समुदायों को देगी।
उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से ‘‘कांग्रेस मुक्त’’ तेलंगाना बनाने की अपील करते हुए कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि जिस तरह ‘बंग’ (पश्चिम बंगाल) और ‘कलिंग’ (ओडिशा) में कमल खिला, उसी तरह हम ‘त्रिलिंग’ (तेलंगाना और आंध्र प्रदेश) की धरती पर भी कमल खिलते देखेंगे।’’
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


