कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री सोरेन से मुलाकात कर ‘छात्रों के हित में फैसले लेने’ के लिए आभार जताया
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री सोरेन से मुलाकात कर ‘छात्रों के हित में फैसले लेने' के लिए आभार जताया
रांची, 18 अगस्त (भाषा) झारखंड में कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और ‘‘आंदोलनकारी छात्रों के हित में फैसले लेने’’ के लिए उनका आभार जताया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
राज्य सरकार ने सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद जेएसएससी-संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा रद्द करने की घोषणा की थी, जिसकी आंदोलनकारी छात्र मांग कर रहे थे। इसके साथ ही आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं और परिणामों को भी रद्द करने की घोषणा की गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और झारखंड के कांग्रेस प्रभारी के. राजू के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रिमंडल के फैसले की सराहना की और इसे निष्पक्ष भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों व अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बयान में कहा गया है कि कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले से प्रभावित छात्रों और अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी और उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर होगी।
बयान के अनुसार कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा करना है।
सोरेन ने कहा, ‘‘राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ फैसले लेती रही है और आगे भी ऐसा करती रहेगी।’’
प्रतिनिधिमंडल में मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और विधायक रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन बिक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी शामिल थे।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


