कांग्रेस विधायक दल ने केरल के अगले मुख्यमंत्री पर निर्णय आलाकमान पर छोड़ा

Ads

कांग्रेस विधायक दल ने केरल के अगले मुख्यमंत्री पर निर्णय आलाकमान पर छोड़ा

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 12:45 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 12:45 PM IST

तिरुवनंतपुरम, सात मई (भाषा) केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार में मुख्यमंत्री पद के लिए तीन नामों पर चर्चा के बीच कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने बृहस्पतिवार को एक प्रस्ताव पारित कर आलाकमान को मुख्यमंत्री के चयन पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। यहां पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) पर्यवेक्षकों मुकुल वासनिक और अजय माकन की उपस्थिति में यहां आयोजित सीएलपी बैठक के दौरान केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) अध्यक्ष सनी जोसेफ द्वारा यह प्रस्ताव पेश किया गया था।

फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल के नामों पर विचार किया जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नव निर्वाचित विधायकों और वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया।

राज्य विधानसभा चुनाव में 63 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन को लेकर गहन चर्चा के बीच इंदिरा भवन में बैठक बुलाई।

सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव पारित होने के बाद एआईसीसी पर्यवेक्षकों ने नेतृत्व के मुद्दे पर विधायकों के विचार जानने के लिए उनसे व्यक्तिगत बैठकें शुरू कीं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों ने बंद कमरे में हुई बैठक में भाग लिया।

इससे पहले आज वासनिक और माकन ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं वी एम सुधीरन, के. सुधाकरन, रमेश चेन्निथला और वी डी सतीशन के साथ चर्चा की।

विधायक दल की बैठक के बाद एआईसीसी पर्यवेक्षक पार्टी आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

पर्यवेक्षक बृहस्पतिवार को यूडीएफ के सहयोगी दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा