देहरादून, 21 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई ने दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर भाजपा सरकार की कथित ‘बर्बर’ कार्रवाई के विरोध में मंगलवार रात को ‘लोकभवन कूच’ किया।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता न्यू कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल में एकत्र हुए और उसके बाद बारिश के बीच लोकभवन की ओर मार्च किया।
हालांकि, लोकभवन से पहले ही पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अवरोधक लगाकर रोक लिया। हालांकि कार्यकर्ताओं ने अवरोधक पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की।
इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई जिसके बाद पुलिस ने करीब 100 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें बाद में रिहा कर दिया।
इस मौके पर धस्माना ने भाजपा सरकार पर निरंकुश होने का आरोप लगाया और कहा कि प्रश्नपत्र लीक के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की बात सुनने की बजाय उसने उनके खिलाफ बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गयी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड कांग्रेस ने लोकभवन तक यह मार्च निकाला।
भाषा दीप्ति धीरज
धीरज