कांग्रेस विधायक ने कर्नाटक सरकार में भ्रष्टाचार की मुख्यमंत्री से शिकायत की: भाजपा का दावा

कांग्रेस विधायक ने कर्नाटक सरकार में भ्रष्टाचार की मुख्यमंत्री से शिकायत की: भाजपा का दावा

कांग्रेस विधायक ने कर्नाटक सरकार में भ्रष्टाचार की मुख्यमंत्री से शिकायत की: भाजपा का दावा
Modified Date: August 31, 2026 / 04:04 pm IST
Published Date: August 31, 2026 4:04 pm IST

मंगलुरु (कर्नाटक), 31 अगस्त (भाषा) कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता आर. अशोक ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस के एक विधायक द्वारा मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को दी गई कथित शिकायत ने कर्नाटक ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास लिमिटेड (केआरआईडीएल) में ‘‘कमीशनखोरी और व्यवस्थागत भ्रष्टाचार’’ को उजागर किया है।

अशोक ने सोशल मीडिया पर पुत्तूर से कांग्रेस विधायक के.एस. अशोक कुमार राय द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे कथित पत्र का हवाला दिया जिसमें आरोप लगाया गया कि केआरआईडीएल के मंगलुरु मंडल के अभियंता सार्वजनिक निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों से ‘‘सात प्रतिशत कमीशन’’ या ‘कट मनी’ की मांग कर रहे हैं।

कथित पत्र में यह भी आरोप है कि यह रकम संबंधित विभाग के मंत्री के नाम पर वसूली जा रही है।

अशोक ने एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए कहा कि इन आरोपों में मंगलुरु केआरआईडीएल के अभियंता प्रशांत का नाम सामने आया है और ‘‘कमीशन न देने’’ वाले ठेकेदारों को धमकाया गया।

अशोक ने इस मामले पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत सत्तारूढ़ दल के ही एक विधायक ने की है।

उन्होंने कहा, “जब विपक्षी दल आरोप लगाते हैं तो उसे राजनीति कहकर खारिज कर दिया जाता है। अब पुत्तूर से आपकी ही पार्टी के विधायक ने अपनी सरकार में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया है। इस पर आपका क्या जवाब है?”

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि अधिकारियों द्वारा खुले तौर पर मंत्रियों का नाम लिया जाना इस बात का संकेत है कि वसूली गई रकम शीर्ष स्तर तक पहुंच रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

अशोक ने संबंधित विभाग के मंत्री की भूमिका की भी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

भाषा सं राजेंद्र

मनीषा खारी

खारी


लेखक के बारे में