कांग्रेस को जुबिन गर्ग की मौत का राजनीतिकरण करने की कीमत चुकानी पड़ी : हिमंत शर्मा

कांग्रेस को जुबिन गर्ग की मौत का राजनीतिकरण करने की कीमत चुकानी पड़ी : हिमंत शर्मा

कांग्रेस को जुबिन गर्ग की मौत का राजनीतिकरण करने की कीमत चुकानी पड़ी : हिमंत शर्मा
Modified Date: May 20, 2026 / 03:32 pm IST
Published Date: May 20, 2026 3:32 pm IST

गुवाहाटी, 20 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नीत विपक्ष को संगीतकार जुबिन गर्ग की मौत का ‘‘राजनीतिकरण’’ करने की कीमत चुकानी पड़ी और जनता ने उन्हें नकार दिया।

शर्मा ने गुवाहाटी के बाहरी इलाके सोनापुर के कामराकुची स्थित ‘जुबिन क्षेत्र’ श्मशान भूमि जाकर जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि दी। जुबिन गर्ग की पिछले वर्ष 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैराकी के दौरान मौत हो गई थी। 52 वर्षीय गायक वहां एक महोत्सव में प्रस्तुति देने गए थे।

शर्मा ने कहा कि जुबिन गर्ग के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जैसा वादा किया था, चुनाव खत्म होने के बाद आज मैं यहां एक ऐसे व्यक्ति को श्रद्धांजलि देने आया हूं, जो हमारे लिए हमेशा अमर हैं। वह कभी राजनीति का विषय नहीं थे, बल्कि हर दिल में बसने वाली भावना थे।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि जुबिन गर्ग की मौत का राजनीतिकरण कांग्रेस नीत विपक्ष पर हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में उल्टा पड़ गया।

शर्मा ने कहा, ‘‘चुनाव खत्म होते ही उनमें से कुछ लोगों ने उनका नाम लेना बंद कर दिया और जो लोग उनके स्मारक पर आए, उन्हें जुबिन के जीवित रहते उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी।’’

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जुबिन मेरे पसंदीदा थे, हैं और हमेशा रहेंगे। आज जुबिन क्षेत्र में मैंने असम के लोगों के दिलों में बसने वाले इस संगीतकार को श्रद्धांजलि अर्पित की और वहां हो रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। यह प्रयास उनकी स्थायी विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि देगा।’’

कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने चुनाव प्रचार के दौरान जुबिन गर्ग मौत मामले में त्वरित अदालत गठित करने में कथित देरी को लेकर असम सरकार की आलोचना की थी।

कांग्रेस ने सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर जुबिन गर्ग को न्याय दिलाने की ‘‘गारंटी’’ दी थी और भाजपा की आलोचना करते हुए कहा था कि पार्टी का कोई राष्ट्रीय नेता जुबिन क्षेत्र नहीं गया।

बुधवार को शर्मा ने जुबिन क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

भाषा गोला अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में