दस लाख मतदान केंद्रों के मतदाताओं तक पहुंच बनाने को कांग्रेस का राजनीतिक अभियान 26 जनवरी से: रमेश

दस लाख मतदान केंद्रों के मतदाताओं तक पहुंच बनाने को कांग्रेस का राजनीतिक अभियान 26 जनवरी से: रमेश

दस लाख मतदान केंद्रों के मतदाताओं तक पहुंच बनाने को कांग्रेस का राजनीतिक अभियान 26 जनवरी से: रमेश
Modified Date: January 18, 2023 / 09:38 pm IST
Published Date: January 18, 2023 9:38 pm IST

शिमला, 18 जनवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि पार्टी 26 जनवरी से अपने ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ राजनीतिक अभियान के तहत देश के 10 लाख मतदान केंद्रों के मतदाताओं तक पहुंच बनाएगी।

रमेश बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा से इतर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा और उन पर देश में नफरत, हिंसा और भय फैलाने का आरोप लगाया।

रमेश ने कहा कि यात्रा चुनाव से जुड़ी नहीं है और ‘‘बढ़ती आर्थिक असमानताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण और भाजपा या आरएसएस की राजनीतिक निरंकुशता और संवैधानिक संस्थानों पर हमले’ के खिलाफ ‘‘विचारधारा की लड़ाई’’ है।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा विचारधारा की लड़ाई है लेकिन ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ एक राजनीतिक अभियान है, क्योंकि अभियान में कांग्रेस का चुनाव चिह्न दिखाई देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस 26 जनवरी से 26 मार्च तक अपने इस अभियान के दौरान छह लाख गांवों और 2.5 लाख ग्राम पंचायतों में 10 लाख मतदान केंद्रों तक पहुंच बनाएगी और मोदी सरकार की विफलता के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा लिखित एक पत्र और ‘आरोपपत्र’ हर घर में वितरित किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहली बार, संविधान को नजरअंदाज किया जा रहा है और एक संवैधानिक निकाय दूसरे पर हमला कर रहा है। हमें एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है।’’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा यात्रा को मिल रही ‘जबरदस्त’ प्रतिक्रिया से घबरा गई है।

कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने बुधवार को कहा कि हालिया हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत में यात्रा एक ‘प्रमुख कारक’ थी। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव प्रचार के दौरान यह पाया गया कि यात्रा का लोगों पर बहुत प्रभाव पड़ा और हर गांव और घर में संदेश पहुंचा। हम सभी चुनावी वादों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं और तीन वादों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।’’

वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि यात्रा ‘महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू सहित महान नेताओं द्वारा शुरू किए गए स्वतंत्रता आंदोलन के समान है, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ लोगों को एकजुट किया।’’

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को दिए गए विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि नड्डा विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में थे और ‘यहां बड़ी संख्या में भाजपा के नेता थे’, लेकिन फिर भी भाजपा सत्ता बरकरार नहीं रख सकी।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में