राजस्थान में कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र, बुजुर्ग किसानों को पेंशन, महिलाओं को आजीवन मुफ्त शिक्षा जैसे वादे
राजस्थान में कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र, बुजुर्ग किसानों को पेंशन, महिलाओं को आजीवन मुफ्त शिक्षा जैसे वादे
जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कई लुभावने वादे किए गए हैं। इनमें सरकार बनने पर लड़कियों को आजीवन मुफ्त शिक्षा देना और बुजुर्ग किसानों को घर बैठे पेंशन दिया जाना शामिल है।
घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने कहा कि 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में राजस्थान से वादा किया है कि उसकी सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ करेगी। वादों में कृषि उपकरणों को जीएसटी से बाहर किया जाना, गोचर भूमि बोर्ड बनाने का प्रावधान किया जाना भी शामिल है।
कांग्रेस ने वादा किया है कि उनकी सरकार बनने पर हर व्यक्ति को मुफ्त में स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए राइट टू हेल्थ कानून लाया जाएगा। घोषणा पत्र में कहा गया है कि किसानों और युवाओं के लिए अलग से आयोग बनेगा।
हालांकि कांग्रेस के इस इस घोषणा पत्र में बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता साढ़े तीन हजार रुपए महीना रखा गया है। वहीं बीजेपी ने 5000 रुपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिए जाने की बात कही है। कांग्रेस ने कहा कि पत्रकारों को दबाने के लिए भाजपा सरकार काला कानून लेकर आई थी, लेकिन हम पत्रकारों के लिए जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एक्ट बनाएंगे।
यह भी पढ़ें : मप्र में बदले गए 883 ईवीएम, 2126 वीवीपैट और 881 कंट्रोल यूनिट, सतना में सबसे ज्यादा
घोषणा पत्र में कहा गया है कि मजदूरों का पलायन रोकने के लिए बोर्ड बनाया जाएगा। हर जिले में महिलाओं के लिए आईटीआई कॉलेज खोल जाएंगे। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में करीब 400 वादे किए हैं। बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 7 दिसंबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 11 दिसंबर को होगी।

Facebook


