कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी ने मप्र की 100 से अधिक सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया

Ads

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी ने मप्र की 100 से अधिक सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया

  •  
  • Publish Date - September 13, 2023 / 08:05 PM IST,
    Updated On - September 13, 2023 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने यहां दो दिन की बैठक में राज्य की 100 से अधिक सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया, हालांकि इसको लेकर कोई फैसला नहीं हुआ कि प्रत्याशियों की पहली सूची कब तक जारी की जाएगी।

पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेताओं ने मंगलवार और बुधवार को हुई स्कीनिंग कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में शामिल रहे एक कांग्रेस नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दो दिवसीय बैठक में राज्य की 100 से अधिक विधानसभा सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया, लेकिन अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीदवारों के चयन में जीत की संभावना प्रमुख आधार होगी। सर्वेक्षण रिपोर्ट को देखते हुए उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।’’

सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बैठकें होंगी जिसके बाद ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी हर सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के कुछ नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेजती है जहां उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगती है।

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पहले ही 39 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

कांग्रेस मध्य प्रदेश में 19 सितंबर से ‘जन आक्रोश यात्रा’ की भी तैयारी कर रही है जो 15 दिन तक चलेगी।

राज्य में विधानसभा की कुल 230 सीट हैं जहां इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।

भाषा हक हक नेत्रपाल

नेत्रपाल