चंडीगढ़, नौ मई (भाषा) पंजाब में अगले साल चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस जनता तक पहुंच बनाने के लिए राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में ‘यात्राएं’ आयोजित करेगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पंजाब के कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय यात्रा आयोजित की जाएगी।
बघेल ने शनिवार को कांग्रेस के एक दिवसीय विचार-विमर्श सत्र की अध्यक्षता की, जिसमें पूरे पंजाब से पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बघेल ने बाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सुझाव मिले हैं कि पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा को यात्राओं के समापन कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए।
बघेल ने यह भी कहा कि कांग्रेस राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ एक आरोप पत्र प्रकाशित करेगी।
बघेल ने बताया कि बैठक के दौरान पार्टी ने पंजाब की ‘खराब स्थिति, विशेष रूप से व्यापक भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चर्चा की, जहां कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।’’
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने मीडिया से कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी पंजाब की जनता को बेवकूफ बनाने के लिए खेल खेल रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर गंभीर आरोप लगाने के बावजूद उन पर कोई कार्रवाई न करना आश्चर्यजनक है।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत